अगर आप मोबाइल पर इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करते हैं या फिर केवल वाई-फाई से काम चलाते हैं, तो आपके लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण यानी TRAI (Telecom Regulatory Authority of India) ने एक बड़ा कदम उठाते हुए टेलीकॉम कंपनियों के लिए नियम सख्त कर दिए हैं। अब Jio, Airtel और Vi (Vodafone Idea) जैसी प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों को केवल कॉलिंग और SMS वाले सस्ते रिचार्ज विकल्प भी देने होंगे।
ट्राई ने 21 सितंबर 2026 को टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन रेगुलेशन 2026 जारी किया है। यह नया नियम आधिकारिक राजपत्र (Official Gazette) में प्रकाशित होने के 30 दिनों के बाद से लागू हो जाएगा। इस फैसले के बाद आने वाले दिनों में उन ग्राहकों को बिना डेटा वाले सस्ते प्लान मिलेंगे जो मोबाइल डेटा का उपयोग नहीं करते हैं।
हर डेटा-बंडल प्लान की अवधि में देना होगा बिना डेटा वाला विकल्प
नए नियम के तहत, यदि कोई टेलीकॉम कंपनी किसी खास वैलिडिटी वाला ऐसा प्लान बेच रही है जिसमें Voice, SMS और Data तीनों शामिल हैं, तो कंपनी को उसी अवधि का केवल Voice और SMS-only प्लान भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना होगा।
इसका मतलब यह है कि अगर किसी कंपनी के पास 28 दिनों की वैलिडिटी वाला कॉलिंग, एसएमएस और डेटा बंडल प्लान मौजूद है, तो उसे 28 दिनों की ही अवधि में बिना डेटा वाला ऑप्शन भी देना होगा। इसी तरह यदि कंपनी 30 दिन या अन्य किसी कम वैलिडिटी वाले डेटा-बंडल प्लान बेचती है, तो उन अवधियों के लिए भी Voice-SMS-only विकल्प देना अनिवार्य होगा।
डेटा हटाने पर घटानी होगी कीमत, लेकिन कोई फिक्स्ड रेट नहीं
कीमत को लेकर TRAI ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं। ट्राई के मुताबिक, इन स्पेशल टैरिफ वाउचर (STVs) में से डेटा को हटाने के हिसाब से प्लान की कीमत में उचित कमी (Proportionate reduction) करनी होगी। हालांकि, रेगुलेटर ने इसके लिए कोई फिक्स कीमत तय नहीं की है।
उदाहरण के लिए, TRAI ने यह तय नहीं किया है कि 28 दिन का कॉलिंग प्लान ठीक 100 रुपये का ही होना चाहिए। कंपनियां अपने व्यावसायिक गणित के हिसाब से प्लान की कीमत तय कर सकती हैं, लेकिन डेटा हटाने के अनुपात में मूल्य कम करना अनिवार्य होगा। जिन ग्राहकों को डेटा नहीं चाहिए, उन्हें अब डेटा पैक का अतिरिक्त बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।
आखिर TRAI को क्यों लाना पड़ा यह नया नियम?
दिसंबर 2024 में भी TRAI ने टेलीकॉम कंपनियों के लिए कम से कम एक Voice और SMS-only स्पेशल टैरिफ वाउचर देना अनिवार्य किया था। इसके जवाब में Jio, Airtel और Vi ने कुछ केवल-कॉलिंग वाले प्लान लॉन्च तो किए, लेकिन इनकी संख्या बेहद सीमित थी।
ट्राई के विश्लेषण के अनुसार, कंपनियों द्वारा पेश किए गए ज्यादातर Voice-SMS-only प्लान लंबी अवधि (जैसे 80, 84 दिन या 336, 365 दिन) के थे। छोटे रिचार्ज के विकल्प बाजार में गायब थे। दूसरी तरफ, डेटा के साथ आने वाले प्लान में ग्राहकों को हर तरह की वैलिडिटी (जैसे 14 दिन, 28 दिन, 30 दिन) मिल रही थी।
नतीजतन, जिन ग्राहकों को सिर्फ कॉलिंग या SMS की जरूरत थी, उनके पास दो ही रास्ते बचते थे—या तो वे लंबी अवधि का महंगा कॉलिंग प्लान खरीदें या फिर न चाहते हुए भी डेटा बंडल वाला रिचार्ज करवाएं।
इन ग्राहकों को मिलेगा सबसे बड़ा फायदा
TRAI ने अपने आधिकारिक दस्तावेज में स्वीकार किया है कि केवल डेटा वाले बंडल प्लान उपलब्ध होने से समाज के कई वर्गों के सामने विकल्प सीमित हो गए थे। इस नए बदलाव का सीधा लाभ निम्नलिखित ग्राहकों को मिलेगा:
- कम आय वाले ग्राहक और ग्रामीण यूजर्स: जो सिर्फ फोन पर बातचीत के लिए मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं।
- बुजुर्ग और फीचर फोन यूजर्स: जो स्मार्टफोन या इंटरनेट ऐप्स का इस्तेमाल नहीं करते।
- सेकेंडरी सिम (Secondary SIM) यूजर्स: जो दूसरे सिम कार्ड को सिर्फ इनकमिंग या कॉलिंग के लिए एक्टिव रखना चाहते हैं।
- वाई-फाई (Wi-Fi) यूजर्स: जो घर या ऑफिस में इंटरनेट के लिए वाई-फाई का उपयोग करते हैं और मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं समझते।
हर महीने एक ही तारीख को रिन्यू होने वाला प्लान भी होगा उपलब्ध
नियमों में एक और अहम बदलाव मंथली रिन्यूअल को लेकर किया गया है। TRAI ने कंपनियों के लिए एक ऐसा Voice-SMS-only प्लान देना अनिवार्य किया है जो हर महीने उसी तारीख को रिन्यू हो सके। यदि किसी महीने में वह तारीख मौजूद नहीं है (जैसे 31 तारीख), तो रिन्यूअल उस महीने के अंतिम दिन माना जाएगा।
यह व्यवस्था उन ग्राहकों के लिए बेहद काम की साबित होगी जो लगातार 28 दिन के रिचार्ज साइकिल से परेशान रहते थे। हालांकि, इसका यह मतलब नहीं है कि सभी 28 दिन वाले प्लान 30 दिन में बदल जाएंगे, बल्कि कंपनियों को कम से कम एक ऐसा विकल्प जरूर देना होगा।
लंबी वैलिडिटी वाले प्लान भी रहेंगे जारी
इस फैसले का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि लंबी वैलिडिटी वाले प्लान बंद हो जाएंगे। TRAI के निर्देशों के अनुसार, कंपनियों को कम से कम एक लंबी अवधि (जैसे 84 दिन या 365 दिन) वाला Voice-SMS-only STV भी बनाए रखना होगा। यानी 3 महीने या पूरे साल भर के लिए सिर्फ कॉलिंग चाहने वाले ग्राहकों के लिए विकल्प पहले की तरह उपलब्ध रहेंगे।
कंपनी की दलील खारिज: TRAI ने दी यह सफाई
नियम तय करने की प्रक्रिया के दौरान कुछ टेलीकॉम स्टेकहोल्डर्स ने दलील दी थी कि केवल-कॉलिंग प्लान बहुत सस्ते होने से कंपनियों की कमाई (ARPU) और नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर के निवेश पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर बाजार में ऐसे प्लान की भारी मांग होती तो कंपनियां खुद इन्हें लॉन्च कर देतीं।
TRAI ने टेलीकॉम कंपनियों की इस दलील को खारिज कर दिया। रेगुलेटर ने साफ किया कि ग्राहकों की कम संख्या का कारण मांग की कमी नहीं, बल्कि कंपनियों द्वारा इन प्लान्स को ठीक से प्रमोट न करना और छोटी अवधि के विकल्प न देना था। ट्राई ने यह भी स्पष्ट किया कि नए नियम किसी मौजूदा डेटा प्लान को खत्म नहीं कर रहे हैं, बल्कि ग्राहकों को एक अतिरिक्त और उचित विकल्प दे रहे हैं।


कमेंट्स (0)