Uttarakhand Helicopter Crash की घटना में चमोली जिले के जोशीमठ स्थित चायी गांव के पास एक हेलिकॉप्टर का संपर्क टूट गया और उसकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। ट्रांस भारत एविएशन के इस हेलिकॉप्टर (VT-HCX) ने 30 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ धाम से उड़ान भरी थी, जिसके बाद जोशीमठ घाटी के ऊपर इसका लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम से गायब हो गया।

उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (UCADA) के अनुसार, इस हेलिकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा पांच यात्री – प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराज सवार थे। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल और ट्रैकिंग सिस्टम से संपर्क टूट गया।

खराब मौसम और घने बादलों के बीच सर्च ऑपरेशन जारी

हादसा जोशीमठ के पास हाथी पहाड़ के पीछे चायी गांव के इलाके में होने की आशंका जताई जा रही है। इलाके में लगातार हो रही बारिश और घने बादलों के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। खोज अभियान में दो अन्य हेलिकॉप्टरों को भी लगाया गया है, लेकिन अब तक हेलिकॉप्टर का मलबा बरामद नहीं हो पाया है।

जोशीमठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि इलाके में कुछ संदिग्ध चीजें देखी गई हैं और सेना, SDRF, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना की गई हैं। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर स्थिति की पुष्टि के बाद ही विस्तृत जानकारी दी जा सकेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिए त्वरित रेस्क्यू के निर्देश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और आवश्यकता पड़ने पर घायलों को तुरंत एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा जाएगा।