अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक दर्दनाक हादसे में 24 साल के भारतीय छात्र मोहम्मद इब्राहिम अहमद की गोली लगने से मौत हो गई। इब्राहिम मूल रूप से हैदराबाद के रहने वाले थे और न्यूयॉर्क की Long Island University में पढ़ाई कर रहे थे। इस घटना के संबंध में New York Hyderabad Student Death मामले की जांच कर रही नासाउ काउंटी पुलिस ने उनके 27 वर्षीय बड़े भाई मोहम्मद बशीर अहमद को गिरफ्तार किया है।
कार के अंदर पीठ में लगी गोली, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना 14 नवंबर की रात न्यूयॉर्क के हिक्सविले इलाके में घटी। 459 साउथ ब्रॉडवे के पास रात करीब 12:01 बजे 911 इमरजेंसी नंबर पर कॉल मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। वहां एक कार के अंदर इब्राहिम जख्मी हालत में मिले, जिनकी पीठ में गोली लगी थी। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बड़े भाई पर गैर इरादतन हत्या का केस, अदालत में खुद को बताया निर्दोष
जांच अधिकारियों का कहना है कि घटना के वक्त दोनों भाई कार में ही मौजूद थे। आरोप है कि बशीर की पिस्टल से गलती से गोली चल गई, जो इब्राहिम की पीठ में जा लगी। पुलिस ने बशीर के खिलाफ सेकंड डिग्री मैन्स्लॉटर (गैर इरादतन हत्या) और सेकंड डिग्री में अवैध हथियार रखने के आरोप तय किए हैं। हालांकि, अदालत में पेशी के दौरान बशीर ने खुद को निर्दोष बताया है और फिलहाल उन्हें हिरासत में रखा गया है।
माता-पिता को अमेरिका बुलाने के लिए परिजनों ने शुरू किया फंडरेजर
पुलिस अभी इस बात की तहकीकात कर रही है कि पिस्टल से गोली किन परिस्थितियों में चली थी। इस बीच, इब्राहिम के माता-पिता मोहम्मद जहांगीर साहेब और अरजुमन नजीर को भारत से अमेरिका बुलाने के लिए रिश्तेदारों ने एक ऑनलाइन फंडरेजर अभियान शुरू किया है, ताकि वे अपने बेटे के अंतिम समय में वहां पहुंच सकें।


कमेंट्स (0)