भारत के स्वदेशी Kaveri Engine ने रूस में कठिन हाई-एल्टीट्यूड और फ्लाइट ट्रायल्स सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। इस परीक्षण के दौरान इंजन ने 48.5 किलोन्यूटन थ्रस्ट पैदा करने में सफलता हासिल की, जबकि इसका निर्धारित लक्ष्य 46 किलोन्यूटन था। इंजन गैस टरबाइन रिसर्च एस्टेब्लिशमेंट (GTRE) द्वारा विकसित इस पावरप्लांट के सफल परीक्षण से रक्षा अनुसंधान के क्षेत्र में बड़ी कामयाबी मिली है।

DRDO घातक ड्रोन और सेमिलैक सर्टिफिकेशन

यह उपलब्धि इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह इंजन भारत के आगामी DRDO घातक स्टील्थ ड्रोन का मुख्य पावर सोर्स बनेगा। रूसी परीक्षण सुविधाओं का इस्तेमाल कर देश ने अपने इस इंजन को विश्वस्तरीय मानकों पर परखा है। अब इस इंजन को अंतिम एयरवर्थिनेस सर्टिफिकेशन के लिए सेमिलैक यानी सेंटर फॉर मिलिट्री एयरवर्थिनेस एंड सर्टिफिकेशन की मंजूरी का इंतजार है। सेमिलैक की मंजूरी मिलने के बाद HAL यानी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड इसका बड़े पैमाने पर उत्पादन संभालेगा।

कावेरी 2.0 और भविष्य की योजनाएं

इंजन के ड्राई वर्जन में आफ्टरबर्नर नहीं होता, जो ड्रोन जैसे प्लेटफॉर्म के लिए बेहद उपयुक्त है क्योंकि वहां लंबे समय तक स्थिर और किफायती थ्रस्ट की जरूरत होती है। जीटीआरई ने अब एक नया कोर डिजाइन तैयार कर कावेरी 2.0 पर भी काम शुरू किया है। नया कावेरी 2.0 बिना आफ्टरबर्नर के 55 से 60 किलोन्यूटन ड्राई थ्रस्ट और आफ्टरबर्नर के साथ 90 से 100 किलोन्यूटन वेट थ्रस्ट देने का लक्ष्य रखता है। इस विकास से आत्मनिर्भर भारत अभियान को रक्षा क्षेत्र में मजबूती मिल रही है और भविष्य के स्टील्थ प्लेटफॉर्म के लिए मजबूत नींव तैयार हो रही है।

संबंधित खबरें