Bharatpur Zila Parishad Election Results के घोषित नतीजों में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में कांग्रेस ने एकतरफा बढ़त हासिल की है। जिला परिषद की कुल 31 सीटों में से कांग्रेस ने 21 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को 9 सीटों से ही संतोष करना पड़ा।

बाकी बची एक सीट हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के खाते में गई है, जहां वार्ड संख्या 26 से आरएलपी की रेनु कुमारी विजयी रहीं। पिछले जिला परिषद चुनाव के मुकाबले इस बार नतीजों का रुख पूरी तरह बदल गया है। पिछली बार बीजेपी 17 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरी थी, वहीं कांग्रेस को 14 सीटें मिली थीं। इस बार कांग्रेस ने न सिर्फ अपनी सीटें बढ़ाईं, बल्कि जिला परिषद का राजनीतिक समीकरण भी अपने पक्ष में कर लिया।

भरतपुर जिला परिषद के सभी 31 वार्डों की तस्वीर

जिला परिषद चुनाव के नतीजों में कांग्रेस उम्मीदवारों ने शुरुआत से ही अपनी बढ़त बनाए रखी। विजयी उम्मीदवारों की वार्ड-वार सूची के अनुसार, वार्ड 1 से बीजेपी की संगीता, वार्ड 2 से बीजेपी की राधा, वार्ड 3 से कांग्रेस के राजेश, वार्ड 4 से कांग्रेस के अरविंद, वार्ड 5 से बीजेपी के सतीवीर और वार्ड 6 से बीजेपी की मिथिलेश ने जीत हासिल की।

इसके आगे वार्ड 7 से कांग्रेस के चेतन, वार्ड 8 से कांग्रेस के हरिसिंह, वार्ड 9 से कांग्रेस के हरबीर सिंह, वार्ड 10 से कांग्रेस के हीराचंद, वार्ड 11 से कांग्रेस की सावित्री देवी, वार्ड 12 से कांग्रेस के अशोक, वार्ड 13 से बीजेपी की पूजा कुमारी, वार्ड 14 से कांग्रेस की सपना, वार्ड 15 से कांग्रेस के प्रमोद और वार्ड 16 से कांग्रेस के अतर सिंह विजयी रहे।

वार्ड 17 से बीजेपी की मीरा देवी, वार्ड 18 से कांग्रेस की रानुवाला, वार्ड 19 से कांग्रेस की सरोज, वार्ड 20 से कांग्रेस की हरप्यारी, वार्ड 21 से कांग्रेस के राजेश, वार्ड 22 से कांग्रेस की अंजू कुमारी, वार्ड 23 से बीजेपी के मानसिंह, वार्ड 24 से कांग्रेस की सुमन गुर्जर, वार्ड 25 से बीजेपी के दिनेश भातरा, वार्ड 26 से आरएलपी की रेनु कुमारी, वार्ड 27 से कांग्रेस की रेखा कुमारी, वार्ड 28 से कांग्रेस की ओमवती, वार्ड 29 से कांग्रेस की सावित्री, वार्ड 30 से बीजेपी के रघुवीर सिंह और वार्ड 31 से कांग्रेस के बोदन सिंह ने जीत दर्ज की।

पंचायत समितियों में निर्दलीयों की मजबूत मौजूदगी

जिला परिषद के साथ-साथ पंचायत समितियों के नतीजों में स्थानीय समीकरणों का असर दिखा। कई पंचायत समितियों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने बड़ी संख्या में सीटें जीतकर दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के गणित को उलझा दिया है।

पंचायत समिति बीजेपी कांग्रेस निर्दलीय
वैर 3 9 6
सेवर 7 4 10
नदबई 6 2 19
भुसावर 1 11 7
रूपवास 7 7 9

भुसावर पंचायत समिति में कांग्रेस ने 11 सीटों पर परचम लहराया, जबकि बीजेपी केवल 1 सीट पर सिमट गई। वहीं नदबई पंचायत समिति में निर्दलीय उम्मीदवारों ने 19 सीटों पर बाजी मारी, जिससे प्रमुख दलों की रणनीति को बड़ा झटका लगा है।