उत्तर प्रदेश के वृंदावन में प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक लोधी आत्महत्या मामले ने तूल पकड़ लिया है। दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण ने शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे बाराह घाट मार्ग स्थित गुरु कृपा कुंज आश्रम की छत से कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के तुरंत बाद उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना का एक झकझोरने वाला सीसीटीवी वीडियो सामने आया है जिसके बाद पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।

घटना का सीसीटीवी फुटेज और सड़क पर अफरा-तफरी

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि जब दीपक लोधी ने छत से छलांग लगाई, तब सड़क पर लोगों की आवाजाही हो रही थी। जिस वक्त यह घटना हुई, कुछ लोग साइकिल और एक फोर व्हीलर वाहन वहां से गुजर रहे थे। एक साइकिल सवार के ठीक सामने यह वाकया हुआ जिससे वह और पीछे आ रहे अन्य लोग चौंक गए। इस भयावह घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के आरोप और आश्रम की प्रतिक्रिया

मृतक के बहनोई सोनू पटेल ने बताया कि परिवार को शुरुआत में यह सूचना दी गई थी कि दीपक गिर गए हैं और उनका ऑपरेशन होगा। जब परिजन आनन-फानन में प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे, तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर बैठने के लिए कह दिया। कई घंटों तक बाहर इंतजार करने के बावजूद परिजनों को घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। परिवार के अनुसार, दीपक लोधी साल 2024 से प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जुड़े थे और गुरु दक्षिणा लेने के बाद से उन्हें परिवार से नहीं मिलने दिया जाता था। सोनू पटेल ने यह भी बताया कि दीपक के पास मोबाइल फोन नहीं था, जिससे परिवार का उनसे कोई सीधा संपर्क नहीं हो पाता था।

संबंधित खबरें