कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ मंच साझा करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करने के बाद स्टैंडअप कॉमेडियन पुलकित मणि विवादों में घिर गए हैं। विवाद इतना बढ़ गया है कि सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और लगातार मिल रही धमकियों के चलते नोएडा, लखनऊ और कानपुर में उनके आगामी कॉमेडी शोज रद्द कर दिए गए हैं।
इंदौर के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से शुरू हुआ विवाद
यह मामला 19 सितंबर का है, जब मध्य प्रदेश के इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ नाम से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में हजारों छात्र मौजूद थे और राहुल गांधी मुख्य रूप से शामिल हुए थे। इसी इवेंट में कॉमेडियन और कंटेंट क्रिएटर पुलकित मणि ने भी हिस्सा लिया। स्टेज पर परफॉर्म करते हुए उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के बोलने के अंदाज और उनके हाव-भाव की नकल उतारी।
स्किट के दौरान पुलकित ने पीएम मोदी के ‘माय फ्रेंड’ कहने की शैली का मजाक उड़ाया। हालांकि, सबसे ज्यादा विवाद उनके एक कमेंट “मां को कुर्सी दो” को लेकर खड़ा हुआ। बीजेपी समर्थकों और आलोचकों का आरोप है कि इस टिप्पणी के जरिए प्रधानमंत्री की दिवगंत माता जी का मजाक उड़ाया गया है। इस स्किट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बहस छिड़ गई है।
शोज रद्द, इंस्टाग्राम पर मांगी माफी
वीडियो सामने आने के बाद पुलकित मणि को सोशल मीडिया पर कड़ी आलोचना और भद्दी गालियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार मिल रही धमकियों के बाद कॉमेडियन को अपने कई शोज कैंसिल करने पड़े।
पुलकित ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट शेयर कर बताया कि लगातार मिल रही धमकियों के चलते लखनऊ और कानपुर में उनके शोज रद्द कर दिए गए हैं। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने नोएडा का शो भी कैंसिल होने की जानकारी दी और अपने फैंस से असुविधा के लिए माफी मांगी।
कौन हैं पुलकित मणि?
पुलकित मणि पेशे से स्टैंडअप कॉमेडियन, मिमिक्री आर्टिस्ट और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर हैं।
- वह साल 2021 से प्रोफेशनल स्टैंडअप कॉमेडी कर रहे हैं।
- इंस्टाग्राम पर उनके 626K (6 लाख 26 हजार) से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
- वह अपने शोज में अक्सर राजनीतिक व्यंग्य (पॉलिटिकल सटायर) और मिमिक्री का सहारा लेते हैं।
पीएम मोदी पर की गई टिप्पणी और राहुल गांधी के साथ मंच साझा करने के बाद से ही पुलकित मणि को लेकर इंटरनेट पर लगातार चर्चा बनी हुई है।


कमेंट्स (0)