दिल्ली हाई कोर्ट ने प्रधानमंत्री के साथ एक महिला की मॉर्फ्ड फोटो और अश्लील कंटेंट के मामले में कड़ा रुख अपनाया है. अदालत ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं सौरव दास, अभिजीत दिपके, आशुतोष रंका और रत्ना सिंह को नोटिस जारी किया है. इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा को निर्देश दिया गया है कि वह संबंधित आपत्तिजनक कंटेंट को तुरंत हटाए.

सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने टिप्पणी की कि यह एक असाधारण स्थिति है, जिसमें मामला सिर्फ एक महिला का नहीं बल्कि देश के प्रधानमंत्री का भी है. कोर्ट ने यह भी कहा कि यदि पुलिस इस मामले को लेकर संवेदनशील नहीं है, तो अदालत यह सुनिश्चित करेगी कि वह संवेदनशील बने. इस मामले की अगली सुनवाई अब 14 अक्टूबर को होगी.

क्या है पूरा मामला?

हाई कोर्ट पहुंची महिला ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान अश्लील और अपमानजनक नारों के साथ उसकी मॉर्फ्ड और अश्लील तस्वीरें फैलाई गईं. याचिका में कहा गया है कि इन तस्वीरों में प्रधानमंत्री को भी जोड़ा गया था और उसे जान से मारने की धमकियां भी मिलीं. महिला ने अपनी याचिका में इन डीपफेक तस्वीरों को सोशल मीडिया से हटाने की मांग की थी.

याची के वकील ने अदालत को बताया कि इस मामले में एफआईआर पहले ही दर्ज की जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार लोगों को पकड़ने या वायरल डीपफेक लिंक को हटाने और ब्लॉक करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं.

कोर्ट के अन्य निर्देश

शुरुआत में कोर्ट ने कहा कि आपत्तिजनक कंटेंट को हटाने का मामला सिविल कोर्ट में जाना चाहिए, लेकिन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए यह स्पष्ट किया कि पीड़िता को परेशान नहीं किया जाना चाहिए और सारी कार्यवाही इसी अदालत में होगी.

अदालत ने महिला को निर्देश दिया कि वह जांच अधिकारी को अपना पता बताए और पुलिस को आदेश दिया कि पीड़िता को पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाए. इसके साथ ही मेटा प्लेटफॉर्म्स को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से आपत्तिजनक कंटेंट हटाने को कहा गया है.

मुआवजे के मुद्दे पर कोर्ट ने कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई किसी भी गैर-कानूनी हरकत के लिए पीड़िता को प्रदर्शन के आयोजकों से मुआवजा मांगने का पूरा अधिकार है. साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि इस याचिका के लंबित रहने से पीड़िता को कानून के तहत मिलने वाली किसी अन्य राहत का दावा करने से नहीं रोका जाएगा.