कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो में एक गेस्ट द्वारा की गई ‘370 रुपये की बिरयानी’ वाली विवादित टिप्पणी का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। मोरे की तरफ से दायर की गई उस याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की, जिसमें उनके खिलाफ दर्ज विभिन्न एफआईआर (FIR) को एक साथ जोड़ने की मांग की गई है। इस मामले में शीर्ष अदालत ने केंद्र सरकार के साथ-साथ महाराष्ट्र और हरियाणा सरकारों को नोटिस जारी किया है।

यह आदेश चीफ जस्टिस सूर्य कांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची व वी. मोहना की बेंच ने दिया। सुनवाई के दौरान मोरे के वकील ने अदालत को जानकारी दी कि कॉमेडियन ने नेशनल कमीशन फॉर विमेन (NCW) यानी राष्ट्रीय महिला आयोग समेत सभी संबंधित मंचों पर इस मामले में माफी मांग ली है।

क्या है पूरा विवाद?

विवाद की शुरुआत तब हुई थी जब शो के दौरान वेब डेवलपर और गेस्ट हिमांशु जांगरा ने एक ‘डेट’ का जिक्र करते हुए चिकन बिरयानी की एक प्लेट पर 370 रुपये खर्च करने की बात कही थी। जांगरा ने कहा कि जब महिला ने उन्हें घर छोड़ने के लिए कहा, तो उन्होंने बिरयानी पर खर्च किए गए पैसों के बदले सेक्सुअल फेवर की मांग की थी। इस टिप्पणी के दौरान शो के होस्ट प्रणित मोरे को हंसते हुए देखा गया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर भारी आक्रोश देखने को मिला था और मोरे के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज की गईं।

कर्मचारी को नौकरी से निकाला गया था

इस घटना के बाद विवाद में शामिल हिमांशु जांगरा को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था। सोशल मीडिया पर बढ़ते गुस्से के बीच गुरुग्राम स्थित फर्म ‘स्टारविक डिज़ाइन’ ने अपने कर्मचारी हिमांशु जांगरा को नौकरी से निकाल दिया था। फर्म के फाउंडर विवेक विश्वकर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी कर उन्हें नौकरी से निकाले जाने की पुष्टि की थी।

अब इस पूरे मामले में सुप्रीम कोर्ट के नोटिस के बाद आगे की कानूनी कार्यवाही पर नजर टिकी हुई है।