एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के क्वार्टर फाइनल प्रतिद्वंद्वी का फैसला हो गया है। आगामी 28 सितंबर (सोमवार) को टीम इंडिया नॉकआउट मुकाबले में अफगानिस्तान से भिड़ेगी। यह मैच जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे से खेला जाएगा। दरअसल, शनिवार (26 सितंबर) को नेपाल और जापान के बीच खेला गया ग्रुप मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया, जिससे अफगानिस्तान को क्वार्टर फाइनल का टिकट मिल गया।

ग्रुप-ए का समीकरण और नेपाल-जापान मैच का हाल

इस ग्रुप मैच के रद्द होने के बाद ग्रुप-ए के समीकरण पूरी तरह साफ हो गए हैं। नेपाल की टीम 3 अंकों के साथ शीर्ष पर रही, जबकि अफगानिस्तान 2 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहा। दूसरी तरफ, मेजबान जापान के खाते में केवल 1 अंक आया और वह टूर्नामेंट की रेस से बाहर हो गया। नेपाल का सामना अब 29 सितंबर को श्रीलंका से होगा।

बारिश के कारण इस मुकाबले को 15-15 ओवर का कर दिया गया था। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल ने धमाकेदार शुरुआत की। नेपाल ने निर्धारित 15 ओवर में केवल एक विकेट के नुकसान पर 149 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। नेपाल के लिए लोकेश बाम और संदीप जोरा ने बल्ले से जमकर तबाही मचाई। लोकेश बाम ने महज 22 गेंदों में 6 छक्कों और 1 चौके की मदद से नाबाद 52 रनों की आतिशी पारी खेली। वहीं, संदीप जोरा ने भी 32 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्के लगाकर नाबाद 57 रन बनाए। हालांकि, नेपाल की पारी समाप्त होते ही दोबारा तेज बारिश शुरू हो गई, जिसके चलते मैच को बिना किसी नतीजे के समाप्त घोषित करना पड़ा।

क्वार्टर फाइनल की जंग और भारतीय टीम का स्क्वाड

एशियन गेम्स के नियमों के मुताबिक, भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका को सीधे क्वार्टर फाइनल में डायरेक्ट एंट्री मिली है। वहीं, नेपाल, जापान, अफगानिस्तान, ओमान, मलेशिया और हॉन्ग कॉन्ग को ग्रुप स्टेज के मुकाबले खेलने पड़े थे। इससे पहले ग्रुप चरण में नेपाल ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराया था, जबकि अफगानिस्तान ने जापानी टीम को 48 रनों से मात दी थी। भारतीय टीम ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में 3-0 से शानदार जीत दर्ज की थी, ऐसे में इस नॉकआउट मुकाबले में दोनों टीमों के बीच रोमांचक टक्कर होने की उम्मीद है।

एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम:

  • श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, विप्रज निगम, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी और यश ठाकुर।