नागोया एशियन गेम्स 2026 के पांचवें दिन (24 सितंबर) भारतीय एथलीटों ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। भारत ने आज सुबह दो महत्वपूर्ण पदक अपने नाम किए, जिनमें रोइंग (नौकायन) में एक कांस्य पदक और वुशू में एक रजत पदक शामिल है। इसके साथ ही एशियाई खेलों में भारत के कुल पदकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। इसके अलावा, ट्रैक इवेंट्स से भी भारत के लिए अच्छी खबर आई है जहां मिक्स्ड रिले टीम फाइनल में प्रवेश करने में सफल रही है।

रोइंग में सतनाम सिंह और सलमान खान की जोड़ी का कमाल

गुरुवार को भारत के लिए दिन की पहली बड़ी सफलता रोइंग के खेल से आई। भारतीय रोअर्स सतनाम सिंह और सलमान खान ने पुरुषों के डबल स्कल्स (M2X) इवेंट में देश को कांस्य पदक (Bronze Medal) दिलाया। नागरागावा इंटरनेशनल रेगाटा कोर्स पर आयोजित इस रोमांचक मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने 6 मिनट 13.25 सेकंड (6:13.25) का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया और पोडियम पर अपनी जगह पक्की की।

वुशू: रोशिबिना देवी नाओरेम ने लगातार तीसरे एशियन गेम्स में जीता पदक

भारतीय महिला वुशू स्टार रोशिबिना देवी नाओरेम ने महिलाओं के 60 किग्रा सांडा वर्ग के फाइनल में देश को रजत पदक (Silver Medal) दिलाया। फाइनल मुकाबले में उन्हें चीन की ताकतवर खिलाड़ी झांग शियाओयू से 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि रोशिबिना स्वर्ण पदक की प्रबल दावेदार थीं, लेकिन चीनी प्रतिद्वंद्वी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।

इससे पहले, रोशिबिना देवी ने सेमीफाइनल में वियतनाम की 2023 की वर्ल्ड चैंपियन गुयेन थी थू थुय को मात देकर फाइनल का टिकट हासिल किया था। रोशिबिना के करियर की यह एक और बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि यह एशियाई खेलों में उनका लगातार तीसरा पदक है।

मिक्स्ड 4x400m रिले: भारतीय टीम फाइनल में पहुंची

एथलेटिक्स ट्रैक से भी भारत के लिए बड़ी खबर आई है, जहां मिक्स्ड 4×400 मीटर रिले टीम ने फाइनल मुकाबले के लिए क्वालीफाई कर लिया है। हीट 2 में दौड़ते हुए भारतीय चौकड़ी—टीएस मनु, एमआर पोवम्मा, जय कुमार और किरण—ने 3:16.23 का समय निकालकर दूसरा स्थान प्राप्त किया।

भारतीय टीम इस रेस के दूसरे और तीसरे लेग में लगातार बढ़त बनाए हुए थी, लेकिन आखिरी और चौथे एंकर लेग में दौड़ रहीं किरण को चीन की धाविका ने पीछे छोड़ दिया। चीन इस हीट में शीर्ष पर रहा, जबकि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) 3:17.00 के समय के साथ तीसरे स्थान पर और दक्षिण कोरिया (3:18.66) चौथे स्थान पर रहकर फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रहा।

हीट्स की ओवरऑल टाइमिंग की बात करें तो भारत चौथे स्थान पर रहा। बहरीन (3:15.73) सबसे तेज रहा, जिसके बाद चीन (3:15.97) और वियतनाम (3:16.08) का स्थान रहा। मेजबान जापान (3:16.52) और फिलीपींस (3:19.68) भी हीट 1 से क्वालीफाई कर चुके हैं। अब आठ टीमों का यह महामुकाबला आज शाम 6 बजकर 45 मिनट पर खेला जाएगा।

निशानेबाजी और कैनो स्प्रिंट में निराशा

पांचवें दिन जहां ट्रैक और रोइंग में सफलता मिली, वहीं निशानेबाजी के 10 मीटर एयर पिस्टल इंडिविजुअल इवेंट में भारत को झटका लगा। इस स्पर्धा के फाइनल के लिए मैदान में उतरे तीन भारतीय निशानेबाजों में से कोई भी क्वालीफाई नहीं कर सका। कमलजीत ने 580 अंक हासिल कर 9वां स्थान पाया और वह बेहद करीबी अंतर से फाइनल से चूक गए। आकाश भारद्वाज 579 अंकों के साथ 11वें और केदारलिंग 568 अंकों के साथ 35वें स्थान पर रहे।

हालांकि, निशानेबाजी प्रेमियों की नजरें अब स्कीट मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल पर टिकी हैं, जहां अनंतजीत सिंह नरूका और परिनाज धालीवाल की जोड़ी आइची प्रीफेक्चरल जनरल शूटिंग गैलरी में सुबह 11:15 बजे से पदक के लिए निशाना साधेगी। दूसरी ओर, कैनो स्प्रिंट में पुरुषों के डबल 500 मीटर स्पर्धा के फाइनल में भारतीय टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और टीम 9वें (अंतिम) स्थान पर रही।

एशियन गेम्स 2026 में भारत के अब तक के सभी 14 पदक विजेता:

  1. इलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्सा विनोद – विमेंस 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट (निशानेबाजी): सिल्वर
  2. इलावेनिल वलारिवन – विमेंस 10 मीटर एयर राइफल (निशानेबाजी): सिल्वर
  3. रुद्रांक्ष पाटिल, हिमांशु ढिल्लों और पार्थ राकेश माने – मेन्स 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट (निशानेबाजी): सिल्वर
  4. सुचिका तरियाल – विमेंस ट्रेडिशनल 60 किग्रा (MMA): ब्रॉन्ज
  5. रुद्रांक्ष पाटिल – मेन्स 10 मीटर एयर राइफल (निशानेबाजी): ब्रॉन्ज
  6. हिमांशु ढिल्लों – मेन्स 10 मीटर एयर राइफल (निशानेबाजी): सिल्वर
  7. भारतीय महिला क्रिकेट टीम: गोल्ड
  8. राइजा ढ‍िल्लों, माहेश्वरी चौहान और परिनाज धालीवाल – विमेंस स्कीट टीम इंवेंट (निशानेबाजी): ब्रॉन्ज
  9. अनंतजीत स‍िंह नरुका, मेराज अहमद खान और भवतेघ सिंह ग‍िल – मेन्स स्कीट टीम इंवेंट (निशानेबाजी): ब्रॉन्ज
  10. जय मीणा (सॉफ्ट टेन‍िस): ब्रॉन्ज
  11. मीराबाई चानू (वेटलिफ्टिंग): सिल्वर
  12. भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम: ब्रॉन्ज
  13. सतनाम सिंह, सलमान खान (रोइंग, पुरुष डबल स्कल्स): ब्रॉन्ज
  14. रोश‍िब‍िना देवी नाओरेम (वुशू, महिला 60 किग्रा सांडा): स‍िल्वर