दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी Cristiano Ronaldo ने बैलन डी’ओर ऑफ ऑल टाइम (B.O.A.T.) फैन पोल में बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया है। पोल के नतीजों में प्रशंसकों ने मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए खेला गया रोनाल्डो का 2008 का सीजन सबसे शानदार माना, जिसने लियोनेल मेसी के ऐतिहासिक 2012 सीजन को पीछे छोड़ दिया।

2008 सीजन में क्रिस्टियानो रोनाल्डो का रिकॉर्ड प्रदर्शन

मैनचेस्टर यूनाइटेड के साथ खेले गए 2008 के सीजन में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने सभी टूर्नामेंट मिलाकर कुल 42 गोल किए थे। इनमें से अकेले प्रीमियर लीग में ही उन्होंने 31 गोल दागकर गोल्डन बूट का खिताब जीता था। मॉस्को में खेले गए चैंपियंस लीग के फाइनल में चेल्सी के खिलाफ रोनाल्डो ने गोल भी दागा था, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट में मैनचेस्टर यूनाइटेड ने जीत दर्ज की थी।

इसी ऐतिहासिक सीजन के प्रदर्शन की बदौलत रोनाल्डो ने अपने करियर का पहला बैलन डी’ओर पुरस्कार हासिल किया था। इसके बाद उन्होंने 2013, 2014, 2016 और 2017 में भी यह सम्मान अपने नाम किया, जिससे उनके कुल बैलन डी’ओर खिताबों की संख्या पांच हो गई।

मेसी का 91 गोल वाला सीजन रहा दूसरे नंबर पर

लियोनेल मेसी का 2012 का सीजन, जिसमें उन्होंने अपने क्लब और देश के लिए कुल 91 गोल किए थे, इस पोल में दूसरे स्थान पर रहा। हालांकि मेसी अपने करियर में रिकॉर्ड आठ बार बैलन डी’ओर जीत चुके हैं, लेकिन फैंस की वोटिंग में रोनाल्डो का 2008 सीजन शीर्ष पर रहा। इस लिस्ट में रोनाल्डो का 2017 सीजन तीसरे स्थान पर रहा।

B.O.A.T. वोटिंग की टॉप-10 रैंकिंग

स्थान खिलाड़ी सीजन
1 क्रिस्टियानो रोनाल्डो 2008
2 लियोनेल मेसी 2012
3 क्रिस्टियानो रोनाल्डो 2017
4 लियोनेल मेसी 2023
5 क्रिस्टियानो रोनाल्डो 2016
6 क्रिस्टियानो रोनाल्डो 2014
7 लियोनेल मेसी 2015
8 क्रिस्टियानो रोनाल्डो 2013
9 लियोनेल मेसी 2011
10 लियोनेल मेसी 2009

क्या है B.O.A.T. वोटिंग और कैसे चुना गया विजेता?

बैलन डी’ओर की 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर B.O.A.T. (Ballon d’Or of All Time) फैन पोल की शुरुआत की गई थी। इसमें उन दस खिलाड़ियों के विजेता सीजन शामिल किए गए थे जिन्होंने कम से कम दो बार बैलन डी’ओर जीता है। पूरी टॉप-10 लिस्ट में केवल रोनाल्डो और मेसी के ही पांच-पांच सीजन शामिल हुए। हालांकि, यह वोटिंग फैंस की पसंद पर आधारित एक अलग प्रतियोगिता थी और इसका उद्देश्य किसी खिलाड़ी को आधिकारिक तौर पर सर्वकालिक महानतम घोषित करना नहीं था।