भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने न्यूजीलैंड दौरे पर खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज से पहले बड़े संकेत दिए हैं। गंभीर ने बताया है कि टेस्ट क्रिकेट की बेहतर तैयारी के लिए कुछ प्रमुख खिलाड़ियों को व्हाइट-बॉल क्रिकेट से ब्रेक दिया जा सकता है, जिससे वे लाल गेंद के फॉर्मेट के लिए तरोताजा होकर उतर सकें।
छोटे अंतराल और वर्कलोड का चैलेंज
भारत को न्यूजीलैंड दौरे पर कुल 12 मुकाबले खेलने हैं। पांच मैचों की इस वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला 16 नवंबर को तौरंगा में खेला जाएगा, जबकि इसके ठीक तीन दिन बाद 19 नवंबर से वेलिंगटन में पहला टेस्ट शुरू होगा।
जियोहॉटस्टार से बातचीत में गौतम गंभीर ने कहा कि टी20 से वनडे में जाना तो आसान होता है, लेकिन 50 ओवर के फॉर्मेट से सीधे पांच दिन के टेस्ट मैच में ढलना काफी चुनौतीपूर्ण होता है। इसी वजह से खिलाड़ियों को व्हाइट-बॉल क्रिकेट से ब्रेक देना जरूरी हो जाता है।
इन खिलाड़ियों को मिल सकता है आराम
संभावना जताई जा रही है कि शुभमन गिल, केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल जैसे प्रमुख बल्लेबाजों के साथ-साथ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और नीतीश रेड्डी को भी कुछ वनडे मुकाबलों से आराम दिया जा सकता है। दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले खिलाड़ियों को तैयारी के लिए केवल दो दिन का समय मिलेगा।
गौतम गंभीर ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले समय में तीनों फॉर्मेट खेलने वाले खिलाड़ियों की संख्या में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि हालांकि कोच और चयनकर्ता ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों को तीनों फॉर्मेट में खेलते देखना चाहते हैं, लेकिन लगातार बढ़ते शेड्यूल और खिलाड़ियों के वर्कलोड को देखते हुए गेंदबाजों को रोटेट करना ही होगा। साथ ही उन्होंने रेड-बॉल क्रिकेट को टीम की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
2027 वर्ल्ड कप के लिए बुमराह और हार्दिक अहम
वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 सितंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज के साथ भारत 2027 वर्ल्ड कप की तैयारियां शुरू कर रहा है। इस सीरीज में जसप्रीत बुमराह एशियन गेम्स की ड्यूटी के कारण उपलब्ध नहीं हैं, जबकि हार्दिक पंड्या अभी वनडे में पूरे 10 ओवर गेंदबाजी करने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं।
गौतम गंभीर ने इन दोनों खिलाड़ियों को 2027 वर्ल्ड कप के लिए बेहद अहम करार दिया। उन्होंने कहा कि बुमराह और हार्दिक जैसे खिलाड़ी बहुत कम टीमों के पास हैं, जो गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी मैच का रुख बदल सकते हैं। हार्दिक के बारे में उन्होंने कहा कि आईपीएल के बाद उन्होंने ज्यादा क्रिकेट नहीं खेला है, इसलिए वर्ल्ड कप से पहले उनकी लय और मैच प्रैक्टिस के लिए उन्हें पर्याप्त मैच खेलने होंगे।
शुभमन गिल की कप्तानी पर भरोसा
वनडे कप्तान शुभमन गिल की तारीफ करते हुए गंभीर ने कहा कि गिल समय के साथ बेहतर हो रहे हैं। उनके लिए यह अच्छी बात है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ी टीम में मौजूद हैं, जो मैदान के अंदर और बाहर उनका मार्गदर्शन कर सकते हैं। गंभीर ने माना कि कप्तान के तौर पर किसी खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन से बाहर करना हमेशा कठिन होता है, लेकिन गिल ने अभी तक अपनी जिम्मेदारियों को अच्छे से निभाया है।
बतौर हेड कोच अपने दो साल के सफर को उन्होंने उतार-चढ़ाव भरा बताया। उनके कार्यकाल में टीम ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी और टी20 वर्ल्ड कप जीते, वहीं घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हार का सामना भी करना पड़ा।


कमेंट्स (0)