आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 की मेन्स क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार, 28 सितंबर को भारतीय टीम का क्वार्टर फाइनल मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ होना था. हालांकि, लगातार बारिश और गीली आउटफील्ड के चलते पूरा खेल प्रभावित हुआ और निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में होने वाले इस मुकाबले को बिना एक भी गेंद फेंके और बिना टॉस कराए ही रद्द करना पड़ा.

इस मुकाबले के रद्द होने के बावजूद भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. भारत बेहतर आईसीसी टी20 रैंकिंग के आधार पर अंतिम-4 में पहुंचा है. आईसीसी की टी20 रैंकिंग में भारतीय टीम पहले स्थान पर है, जबकि अफगानिस्तान की टीम 10वें नंबर पर है. अब भारतीय टीम 1 अक्टूबर को इसी मैदान पर अपना सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी.

किससे होगा भारत का मुकाबला?

सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सामना श्रीलंका और नेपाल के बीच होने वाले तीसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले के विजेता से होगा. इससे पहले पाकिस्तान और हॉन्ग कॉन्ग का मैच भी बारिश के चलते धुल गया था, जिसके चलते पाकिस्तानी टीम भी बेहतर स्थिति के आधार पर सेमीफाइनल में पहुंच गई है. पाकिस्तानी टीम सेमीफाइनल में बांग्लादेश या मलेशिया के खिलाफ उतरेगी.

बता दें कि इस टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला था. वहीं, नेपाल, जापान, अफगानिस्तान, हॉन्ग कॉन्ग, मलेशिया और ओमान को ग्रुप मुकाबलों से होकर गुजरना पड़ा था. ग्रुप-ए से नेपाल और अफगानिस्तान ने क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था, जबकि ग्रुप-बी से मलेशिया और हॉन्ग कॉन्ग ने अंतिम-8 में जगह बनाई थी.

एशियन गेम्स क्रिकेट का आगे का शेड्यूल

  • 29 सितंबर: श्रीलंका बनाम नेपाल (सुबह 5:30 बजे)
  • 29 सितंबर: बांग्लादेश बनाम मलेशिया (सुबह 10:00 बजे)
  • 1 अक्टूबर: पहला सेमीफाइनल – पाकिस्तान बनाम अन्य (सुबह 5:30 बजे)
  • 1 अक्टूबर: दूसरा सेमीफाइनल – भारत बनाम अन्य (सुबह 10:00 बजे)
  • 3 अक्टूबर: ब्रॉन्ज मेडल मैच (सुबह 5:30 बजे)
  • 3 अक्टूबर: गोल्ड मेडल यानी फाइनल मुकाबला (सुबह 10:00 बजे)

दोनों टीमों के स्क्वॉड

भारतीय स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, जसप्रित बुमरा, वॉशिंगटन सुंदर, यश ठाकुर, वैभव सूर्यवंशी और विप्रज निगम.

अफगानिस्तान स्क्वॉड: दरविश रसूली (कप्तान), मोहम्मद इशाक (विकेटकीपर), मोहम्मद अकरम, हसन ईसाखिल, करीम जनत, फैसल शिनोजादा, नजीबुल्लाह जादरान, नांगेयालिया खरोटी, अब्दुल्ला अहमदजई, फरीदून दाऊदजई, अरब गुल, इस्मत आलम, फरमानुल्लाह सफी, खालिद तानिवाल और इमरान मीर.