अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने गुरुवार को 2027 पुरुष वनडे वर्ल्ड कप का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। अगले साल होने वाला यह टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। 14 टीमों के इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला केपटाउन में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया 2023 वर्ल्ड कप की चैंपियन टीम है, जबकि भारत उस टूर्नामेंट में उपविजेता रहा था।

भारत का दूसरा मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ होगा। दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी टीमें 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में आमने-सामने होंगी। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला यह मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे चर्चित मैचों में शामिल रहेगा। इसके बाद भारतीय टीम 14 अक्टूबर को अफगानिस्तान के खिलाफ त्श्वाने में खेलेगी। फिर 17 अक्टूबर को क्वालीफायर टीम के खिलाफ ब्लोमफोंटेन में मुकाबला होगा। भारत का ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच 24 अक्टूबर को जिम्बाब्वे के खिलाफ विक्टोरिया फॉल्स में खेला जाएगा।

टूर्नामेंट का फॉर्मेट और ग्रुप संरचना

वर्ल्ड कप का आयोजन 2 अक्टूबर से शुरू होगा। हालांकि ग्रुप स्टेज से पहले विंडहोक में सुपर सीरीज खेली जाएगी जिसमें तीन टीमें हिस्सा लेंगी। ये मुकाबले 2, 4 और 6 अक्टूबर को होंगे। दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को मेजबान होने के कारण सीधे टूर्नामेंट में जगह मिली है। इसके अलावा 30 सितंबर 2026 तक आईसीसी वनडे टीम रैंकिंग के आधार पर आठ अन्य टीमों ने सीधे क्वालीफाई किया है। बाकी चार टीमों का फैसला क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफायर के जरिए होगा।

ग्रुप स्टेज में 12 टीमों को छह-छह टीमों के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। ग्रुप ए में भारत, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, जिम्बाब्वे और एक क्वालीफायर टीम होगी। ग्रुप बी में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश, श्रीलंका और दूसरी क्वालीफायर टीम होगी। ग्रुप स्टेज के बाद टूर्नामेंट सुपर 7 स्टेज में पहुंचेगा जो 25 अक्टूबर से 14 नवंबर तक चलेगा। दोनों ग्रुप से शीर्ष तीन टीमें और चौथे स्थान वाली टीमों में से ज्यादा अंक वाली टीम सुपर 7 में पहुंचेगी।

सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले

सुपर 7 स्टेज के बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। पहला सेमीफाइनल 17 नवंबर को केपटाउन में खेला जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल 18 नवंबर को त्श्वाने में होगा। दोनों सेमीफाइनल के लिए रिजर्व डे भी रखा गया है। वर्ल्ड कप का फाइनल 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा। फाइनल के लिए 22 नवंबर को रिजर्व डे रखा गया है ताकि खराब मौसम के कारण मैच पूरा न होने पर उसे पूरा कराया जा सके।

आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने कहा कि वर्ल्ड कप के कार्यक्रम की घोषणा और टिकट प्रक्रिया की शुरुआत टूर्नामेंट की तैयारियों में अहम पड़ाव है। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर दुनिया की शीर्ष टीमों के लिए बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे। कार्यक्रम के जारी होने के साथ ही प्रशंसकों के लिए टिकट बुकिंग की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

संबंधित खबरें