सऊदी अरब में सुरक्षा हालातों को देखते हुए Air India ने 20 अक्टूबर तक रियाद, दम्माम और जेद्दा आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइन की ओर से 16 अक्टूबर को यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी गई, जिससे सऊदी यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
यात्रियों के लिए रिफंड और सुरक्षा प्राथमिकता
एयरलाइन प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि जिन यात्रियों की टिकटें इन उड़ानों के लिए थीं, उन्हें पूरा रिफंड दिया जा रहा है। कंपनी का कहना है कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्थिति का लगातार आकलन किया जा रहा है ताकि सुरक्षित तरीके से परिचालन फिर से शुरू किया जा सके।
भारतीय दूतावास की एडवाइजरी और जमीनी हालात
सऊदी अरब में हाल ही में हुए हमलों और रियाद एयरपोर्ट बंद होने के कारण विमानन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इससे पहले 10 अक्टूबर को रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी और 11 अन्य घायल हो गए थे। सऊदी अरब में भारत के राजदूत विपुल ने एक वीडियो संदेश जारी कर वहां रह रहे भारतीयों से शांत और सतर्क रहने की अपील की है। दूतावास ने नागरिकों को खुले में न रहने, सुरक्षित इमारतों में रहने और सोशल मीडिया पर हमलों के फोटो या वीडियो साझा न करने की सलाह दी है। उमरा यात्रियों के लिए चौबीसों घंटे काम करने वाली हेल्पलाइन भी जारी की गई है।


कमेंट्स (0)