पाकिस्तान में गंभीर आर्थिक संकट के बीच सरकार पर एक नया वित्तीय संकट गहराने लगा है। जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने इस्लामाबाद में होने वाले अपने बड़े प्रदर्शन को 27 सितंबर से टालकर अब 4 अक्टूबर कर दिया है। इस एक सप्ताह की देरी के कारण राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का कुल खर्च अब 1 अरब पाकिस्तानी रुपये (100 करोड़ रुपये से ज्यादा) तक पहुंचने का अनुमान है।
प्रदर्शन टलने से कैसे बढ़ा सरकार का खर्च?
पीटीआई का यह मार्च मुख्य रूप से अपने संस्थापक इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर है। 73 वर्षीय इमरान खान साल 2023 से भ्रष्टाचार के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद से रावलपिंडी की हाई-सिक्योरिटी अदियाला जेल में बंद हैं।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस्लामाबाद पुलिस ने शुरुआत में प्रदर्शन से निपटने के लिए एक सप्ताह की तैयारियों के तहत 82 करोड़ पाकिस्तानी रुपये के बजट की मांग की थी। हालांकि, प्रदर्शन की तारीख एक सप्ताह आगे खिसकने से पुलिस को सुरक्षा इंतजाम और लंबे समय तक बनाए रखने होंगे, जिससे यह खर्च बढ़कर 1 अरब रुपये से अधिक हो सकता है।
सुरक्षा इंतजामों का भारी-भरकम खर्च
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए प्रशासन ने सड़कों को बंद करने के लिए बड़ी संख्या में शिपिंग कंटेनर मंगाए हैं। ऑल पाकिस्तान गुड्स अलायंस के अध्यक्ष निसार हुसैन जाफरी के अनुसार, शुरुआत में 40 फुट के कंटेनर के लिए 40 हजार रुपये और 20 फुट के कंटेनर के लिए 20 हजार रुपये प्रतिदिन के किराये की मांग की गई थी। बाद में दोनों श्रेणियों के लिए यह किराया 30 हजार रुपये प्रतिदिन तय किया गया।
इस हिसाब से 1,550 कंटेनरों का रोजाना का किराया ही लगभग 4.65 करोड़ रुपये बैठता है। एक सप्ताह के लिए यह खर्च 32.55 करोड़ रुपये और दो सप्ताह के लिए बढ़कर 65.1 करोड़ रुपये हो जाएगा।
पुलिसकर्मियों की तैनाती और खान-पान का खर्च
राजधानी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पंजाब से 16,000 और सिंध से 2,000 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की मांग की थी। सिंध पुलिस के 2,000 जवान पहले ही इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं, जिनके भोजन पर रोजाना 12 लाख रुपये खर्च हो रहे हैं। दो हफ्तों में यह खर्च बढ़कर 1.68 करोड़ रुपये हो जाएगा।
इसके अलावा, पुलिसकर्मियों के परिवहन के लिए 70 कोस्टर, 30 डबल-कैबिन वाहनों और बसों की व्यवस्था की गई है। साथ ही, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के ठहरने के लिए 13 होटलों में 175 कमरे भी बुक किए गए हैं।
इस्लामाबाद में धारा 144 लागू
सुरक्षा स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने इस्लामाबाद में अगले दो महीनों के लिए धारा 144 लागू कर दी है। इसके तहत राजधानी क्षेत्र में पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने, रैलियों, जुलूसों और किसी भी तरह के सार्वजनिक प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह पाबंदी हाई-सिक्योरिटी रेड जोन सहित पूरे इस्लामाबाद में प्रभावी रहेगी।



कमेंट्स (0)