संयुक्त राष्ट्र के एक कार्यक्रम के दौरान भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक पाकिस्तानी पत्रकार के बड़बोलेपन का बहुत ही सटीक और कड़ा जवाब दिया. यह घटना न्यूयॉर्क में 81वें संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) सत्र के दौरान हुई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.
घटना के समय विदेश मंत्री न्यूयॉर्क में एक प्रेस इंटरैक्शन में बोल रहे थे. तभी भीड़ में मौजूद एक पाकिस्तानी पत्रकार ने बीच में टोकते हुए अमर्यादित लहजे में आतंकवाद से जुड़ा सवाल पूछा. उस पत्रकार ने अचानक पूछा कि कब आपकी सरकार पाकिस्तान में आतंकवाद और प्रॉक्सी टेररिज्म को प्रायोजित करना बंद करेगी?
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पूरी गंभीरता के साथ इस सवाल को सुना और फिर बेहद सधे हुए तथा कड़े शब्दों में जवाब दिया, “एक आतंकी देश मुझसे ये सवाल पूछ रहा है.” इसके बाद विदेश मंत्री ने मुस्कुराते हुए अपनी बात समाप्त की और वहां से उठकर चले गए.
नाविकों की सुरक्षा पर भी रखी भारत की बात
इस कार्यक्रम से पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर नाविकों की सुरक्षा पर आयोजित एक सम्मेलन में भी शामिल हुए थे. भारत ने वहां स्पष्ट किया कि समुद्र में नाविकों पर हो रहे हमले हर हाल में रुकने चाहिए.
विदेश मंत्री ने सम्मेलन में कहा कि इस तरह की हिंसा और जान-माल के नुकसान का कोई औचित्य नहीं हो सकता है. सीधे शब्दों में कहें तो इन हमलों को रुकना ही चाहिए. समुद्री कर्मचारियों के लिए एक प्रमुख सोर्स देश होने के नाते भारत ने इस मामले में लाइबेरिया के साथ हाथ मिलाया है, जिसके पास टनेज के हिसाब से सबसे बड़ी शिपिंग रजिस्ट्री है.
एस जयशंकर ने आगे जानकारी दी कि हमने समान हितों वाले अन्य देशों और प्रमुख जहाज मालिकों को भी एक साथ किया है. ‘ग्रुप ऑफ़ फ्रेंड्स’ की हमारी पहली बैठक में 25 देश शामिल हुए. यह पहल मर्चेंट फ्लीट और समुद्री कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर दुनिया का ध्यान आकर्षित करने के लिए है, जिन्हें अक्सर मुश्किल हालात का सामना करना पड़ता है.
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हाल ही में ब्रिक्स बैठक के दौरान नाविकों की सुरक्षा का यह अहम मुद्दा उठाया था.


कमेंट्स (0)