आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में नेपाल की पुरुष क्रिकेट टीम का अभियान मंगलवार यानी 29 सितंबर को समाप्त हो गया। निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में नेपाल और श्रीलंका के बीच निर्धारित क्वार्टर फाइनल मुकाबला लगातार बारिश के चलते एक भी गेंद फेंके बिना रद्द कर दिया गया। इस मुकाबले के रद्द होने के साथ ही Asian Games 2026 में नेपाल का मेडल जीतने का सपना टूट गया और श्रीलंकाई टीम ने बिना मैदान पर उतरे अगले दौर में प्रवेश कर लिया।

बेहतर रैंकिंग के आधार पर श्रीलंका को मिला टिकट

नॉकआउट मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ने के बाद टूर्नामेंट के नियमों के तहत फैसला लिया गया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की टी20 रैंकिंग में श्रीलंका 9वें स्थान पर है, जबकि नेपाली टीम 14वें पायदान पर मौजूद है। एशियन गेम्स के नियमानुसार बारिश की वजह से नॉकआउट मैच धुलने पर बेहतर रैंकिंग वाली टीम को अगले चरण में प्रवेश मिलता है। इसी नियम के आधार पर श्रीलंका को फायदा मिला और वह अंतिम चार में पहुंच गई। नेपाल के लिए यह नतीजा बेहद निराशाजनक रहा क्योंकि टीम को अपनी क्षमता दिखाने का मौका ही नहीं मिला। ग्रुप चरण में नेपाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन अंकों के साथ ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान हासिल किया था। अपने पहले मैच में नेपाल ने अफगानिस्तान को पांच विकेट से हराया था, जबकि जापान के खिलाफ उनका मुकाबला बारिश की वजह से बिना किसी नतीजे के समाप्त हुआ था।

अब भारत से होगा श्रीलंका का मुकाबला

श्रीलंकाई टीम अब Asian Games 2026 के सेमीफाइनल में 1 अक्टूबर यानी गुरुवार को भारतीय टीम का सामना करेगी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे से खेला जाएगा। इससे पहले भारत और अफगानिस्तान के बीच हुआ मुकाबला भी बारिश के चलते पूरी तरह धुल गया था, जिसके बाद भारतीय टीम ने भी बेहतर रैंकिंग के आधार पर सेमीफाइनल का टिकट कटाया था। इसके अलावा पाकिस्तान और हांगकांग के बीच होने वाला मैच भी बिना टॉस के रद्द हो गया था, जिससे पाकिस्तानी टीम भी सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है।

संबंधित खबरें